सी0जी0प्रतिमान न्यूज :
दुर्ग 11 दिसम्बर / छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की नगपुरा में बैठक में धान खरीदी की बदहाल स्थिति और किसानों को होने वाली परेशानियों पर चर्चा की गई, इस बात पर किसानों ने आक्रोश व्यक्त किया कि मिलर्स और शासन प्रशासन के बीच विवाद और प्रति दिन धान खरीदी का कम कोटा निर्धारित करने का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है, संगठन की ओर से जिला प्रशासन और केंद्रीय सहकारी बैंक के अधिकारियों को पिछले 15 दिनों में दो बार उनका ध्यान किसानों की परेशानियों की ओर आकर्षित करके धान खरीदी की व्यवस्था दुरुस्त करने का आग्रह किया गया था किंतु समस्या इतनी विकराल हो गई है कि कुछ केंद्र में तीन दिन से खरीदी बंद है और कुछ और केंद्रों में खरीदी बंद होने की स्थिति है।

छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने शासन प्रशासन को आगाह किया है कि रविवार तक धान खरीदी की व्यवस्था दुरुस्त कर लें अन्यथा सोमवार को अन्नदाता किसान सड़क पर उतरने मजबूर हो जायेंगे, बैठक में होरी लाल साहू, विनोद देशमुख, देवशरण साहू, कांतिलाल देशमुख, बंशीलाल देवांगन, कल्याण सिंह ठाकुर, बद्री प्रसाद पारकर, बाबूलाल साहू, मेघराज मढ़रिया, परमानंद यादव, उत्तम चंद्राकर, झबेंद्र भूषण वैष्णव, आई के वर्मा, राजकुमार गुप्त शामिल हुए।

