विधान सभा का सत्र शुरु होने वाला है, शिक्षा सत्र चल रहा : पूर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल…. प्रदेश में न शिक्षा मंत्री है और न संसदीय कार्य मंत्री
सी०जी०प्रतिमान न्यूज :
रायपुर / छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल विस्तार में देरी पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि विधानसभा का सत्र आहूत किया जा चुका है। संसदीय कार्य मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में संमसदीय कार्यमंत्री का होना विधानसभा में आवश्यक है। मंत्रिमंडल गठन करने का अधिकार मुख्यमंत्री का होता है, लेकिन अभी तक फैसला नहीं हो पाया है। मंत्री के 2 पद रिक्त हैं। निश्चित रूप से फैसला करने में विलंब हो रहा है, जिसका नुकसान छत्तीसगढ़ सरकार को भी हो रहा है। शिक्षा सत्र भी चल रहा है, संसदीय कार्य मंत्री का पद रिक्त हैं। ऐसे में दोनों पदों को जल्द भरा जाना चाहिए।
NEET मुद्दे पर भूपेश बघेल ने कहा कि माइक का बंद किया जाना, लोकतंत्र की हत्या है। NEET का सवाल 26 लाख बच्चों के भविष्य का सवाल है, इसे अनसुना नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी NEET का मुद्दा जोर-शोर से उठा रहे हैं। जिस प्रकार से घोटाला हुआ है और इस मामले को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में राहुल गांधी और खरगे जी उठा रहे हैं, लेकिन उनकी माइक बंद कर दी जा रही है। उन्हें अनसुना कर दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है। निष्पक्षता दिखाई नहीं दे रही है। नेता प्रतिपक्ष के माइक को बंद किया जाएगा तो बाकी सदस्यों की क्या स्थिति होगी?
गुणवत्ता के साथ भाजपा ने किया खिलवाड़:
अयोध्या राम मंदिर में पानी के रिसाव पर भूपेश बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मंदिर के निर्माण में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया गया है। जिस तरह से जमीन खरीदी पर धांधली हुई थी, उसी प्रकार मंदिर पर भी अब धांधली नजर आ रही है। केवल मंदिर ही नहीं बल्कि बिहार में पुल और दिल्ली के एयरपोर्ट में हादसे ने बता दिया कि भ्रष्टाचार किस स्तर पर हुआ है। निर्माण कार्यों के ढहने की जगह-जगह से ऐसी खबरें आ रही हैं, जो दुर्भाग्यजनक है।

