
जामुल 23 दिसंबर / दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र के गांव में हो रही मारपीट को रोकने पहुंचे एक पुलिसकर्मी को ही नशे में धुत युवकों ने निशाना बना लिया। जामुल क्षेत्र के ग्राम खेरधा में सामने आई इस घटना ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खेरधा में कुछ युवक आपस में विवाद और मारपीट कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी मौके पर पहुंचे और झगड़ा शांत कराने के लिए बीच बचाव करने लगे। इसी दौरान नशे में धुत आरोपियों ने पुलिसकर्मी के साथ ही मारपीट शुरू कर दी और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। आरक्षक जयप्रकाश सूर्यवंशी ने जामुल थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि खेरधा गांव के सतनाम भवन के पास कुछ ग्रामीण युवक नशे की हालत में आपस में मारपीट कर रहे थे। समझाइश देने और विवाद शांत कराने के दौरान सभी आरोपियों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी।इस हमले में आरक्षक के चेहरे और आंखों में चोट आई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए जामुल पुलिस ने तत्काल आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।








Views Today : 164
Total views : 102053