Sunday, May 10, 2026
35.1 C
Delhi
Sunday, May 10, 2026
spot_img
HomeBlogसक्ती जिले के थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहा. उ. निरीक्षक एस.एन. मिश्रा...

सक्ती जिले के थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहा. उ. निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को एसीबी बिलासपुर ने 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

सक्ति 10 मई / छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी प्रार्थी के खिलाफ दर्ज मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को दबोच लिया।

40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी 
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बालपुर थाना चंद्रपुर निवासी शिव प्रसाद बरेठ ने एसीबी कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि, ग्राम बालपुर की सरस्वती जायसवाल द्वारा उसके और उसके परिवार के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट थाना चंद्रपुर में दर्ज कराई गई थी। मामले में कड़ी कार्रवाई का डर दिखाकर थाना चंद्रपुर में पदस्थ ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

प्रार्थी ने की थी रंगे हाथों पकड़ने की मांग
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से शिकायत कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने पाया कि, आरोपी ASI पहले ही 20 हजार रुपए रिश्वत के रूप में ले चुका था, जबकि बाकी 20 हजार रुपए लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी बिलासपुर ने ट्रैप की योजना तैयार की।

मौके पर रिश्वत की रकम बरामद
शनिवार 10 मई 2026 को प्रार्थी ने आरोपी ASI को गुड्डू ढाबा, चंद्रपुर बुलाया, जहां दूसरी किश्त के रूप में 20 हजार रुपए दिए गए। जैसे ही आरोपी मिश्रा ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

लगातार मिल रही थी रिश्वतखोरी की शिकायत
एसीबी सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

ACB ने की नागरिकों से अपील
एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि, यदि किसी भी सरकारी विभाग का अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular