अमित शाह मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुरिया दरबार में हुए शामिल, विकास योजनाओं का किया ऐलान

जगदलपुर 4 अक्टूबर / केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भारी बारिश के बीच छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत विधायक किरण देव ने किया।
अमित शाह ने पहुंचते ही सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायक किरण देव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, रामविचार नेताम और केदार कश्यप उनके साथ मौजूद थे।

पूजा-अर्चना के बाद अमित शाह सिरहसार भवन पहुंचे, जहां उन्होंने मुरिया दरबार में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बस्तर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2031 तक बस्तर के हर गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे, हर घर में बिजली और संचार सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी, साथ ही सभी लोगों के बैंक खाते और मुफ्त राशन सुनिश्चित किया जाएगा।

अमित शाह ने यह भी कहा कि नक्सल मुक्त गांवों को एक करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 तक बस्तर में नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

उन्होंने बस्तर के हर गांव तक सड़क, पानी, बिजली और संचार सुविधाएं पहुंचाने का भी संकल्प दोहराया, जिससे क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।









Views Today : 244
Total views : 102133