सी.जी.प्रतिमान न्यूज :

रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP चौक पर स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को खंडित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना शनिवार देर रात की है, जब किसी अज्ञात युवक ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया था। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शहर में आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आरोपी की पहचान मनोज कुर्रे के रूप में हुई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन विशेष जांच टीम बनाई थी। CCTV फुटेज की जांच के बाद आरोपी की पहचान मनोज कुर्रे नामक युवक के रूप में की गई, जो सारंगढ़ के पुसौर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी को रायपुर के राम मंदिर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में मनोज मानसिक रूप से अस्थिर पाया गया है, जिसके चलते उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

प्रदर्शन के बाद माहौल में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
प्रतिमा खंडित होने के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और अन्य सामाजिक संगठनों ने VIP चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी और प्रतिमा की पुनःस्थापना की मांग करते हुए नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई और लगातार निगरानी रखी गई। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार देर रात तक आरोपी को पकड़ लिया, जिसके बाद माहौल शांत होने लगा।
प्रशासन ने की नई प्रतिमा की स्थापना
सोमवार सुबह प्रशासन की देखरेख में छत्तीसगढ़ महतारी की नई प्रतिमा स्थापित की गई। स्थानीय नागरिकों और संगठनों ने नई प्रतिमा की स्थापना के बाद श्रद्धांजलि अर्पित कर शांति की अपील की। तेलीबांधा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है और यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी का इरादा जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का था या मानसिक असंतुलन के कारण।







Views Today : 244
Total views : 102133