Thursday, April 30, 2026
28.1 C
Delhi
Thursday, April 30, 2026
spot_img
Homeक्राइमरायपुर में चाइनीज मांझा पर शिकंजा: नगर निगम की छापेमारी, दुकानदारों पर...

रायपुर में चाइनीज मांझा पर शिकंजा: नगर निगम की छापेमारी, दुकानदारों पर जुर्माना…

सी.जी. प्रतिमान न्यूज़ :

रायपुर 13 जनवरी / राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हो रही घटनाओं के बाद नगर निगम प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम जोन 1 और जोन 5 की टीम ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से पतंग दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान जहां-जहां चाइनीज मांझा मिला, उसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया और दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

 लाखेनगर में हुआ हादसा

यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें लाखेनगर इलाके में रविवार शाम एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला मंदिर की ओर पैदल जा रही थी, तभी हवा में उड़ता हुआ चाइनीज मांझा उनके चेहरे में फंस गया। मांझा निकालने के दौरान महिला के होंठ और अंगूठे में गहरे जख्म हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता कर महिला को अस्पताल पहुंचाया।

गुढ़ियारी में दो दुकानों पर जुर्माना

घटना के बाद सोमवार को निगम प्रशासन और पर्यावरण संरक्षण मंडल की टीम ने गुढ़ियारी क्षेत्र में प्रयास हॉस्टल के पास स्थित दो पतंग दुकानों की जांच की। वार्ड पार्षद सोहन साहू और जोन 1 के जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमराज देवांगन की मौजूदगी में हुई जांच में प्रतिबंधित मांझा बरामद हुआ। दोनों दुकानदारों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

आमापारा में भी चला निगम का अभियान

नगर निगम जोन 5 अंतर्गत घासीदास प्लाजा और आमापारा रोड पर सड़क किनारे लगी पतंग दुकानों की भी जांच की गई। यहां भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। इसके अलावा अवैध रूप से सड़क पर लगी दुकानों को हटवाया गया और दुकानदारों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

निगम की सख्त चेतावनी

नगर निगम अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि शहर में कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता या इस्तेमाल होता पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular