छत्तीसगढ़ प्रतिमान न्यूज :

मुख्यमंत्री जनदर्शन
रायपुर 13 नवंबर / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में लोगों से मिले और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया। जनदर्शन की शुरुआत में उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा की रहने वाली 11 वर्षीय पूनम से मुलाकात की, जो सेरेब्रल पाल्सी की बीमारी से जूझ रही है और बोलने में असमर्थ है। इसके बावजूद पूनम अपने पैरों से बेहद सुंदर चित्र बनाती है। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक पूनम से बात की और उसकी मां को भरोसा दिलाया कि सरकार उसकी हर संभव मदद करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूनम को विशेष विद्यालय में भर्ती कराया जाए और उसे छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाए, ताकि उसकी पढ़ाई और कला दोनों आगे बढ़ सकें।

दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू को मिला आर्थिक सहयोग
जनदर्शन में अभनपुर के दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू भी पहुंचे। उन्होंने व्हीलचेयर और खेल सामग्री खरीदने के लिए सहायता की मांग की। उनकी परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने 90 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की और उन्हें चेक प्रदान किया।
पिंटू राम साहू चार साल से रग्बी खेल रहे हैं और बी.ए. अंतिम वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सहायता से उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है और वे राज्य का नाम रोशन करने के लिए लगातार मेहनत करते रहेंगे।
भिलाई के अंकुश देवांगन की अद्भुत कलाकृति ने जीता सबका दिल
भिलाई के कलाकार अंकुश देवांगन ने जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को एक अद्भुत माइक्रो आर्ट फ्रेम भेंट किया, जिसमें संगमरमर पर बनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूक्ष्म प्रतिमा और पीछे रामलला मंदिर की प्रतिकृति उकेरी गई है। फ्रेम में एक माइक्रो लेंस लगाया गया है, जिससे मोदी जी के चेहरे के भाव स्पष्ट दिखाई देते हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अनोखी कलाकृति की सराहना करते हुए कहा, “यह केवल कला नहीं, बल्कि समर्पण और निष्ठा का उदाहरण है।” उन्होंने कलाकार को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित करने का सुझाव दिया।
अंकुश देवांगन ने बताया कि वे पिछले 45 वर्षों से माइक्रो आर्ट में कार्य कर रहे हैं और यह प्रतिमा बनाने में उन्हें लगभग दो महीने लगे। अब उनका लक्ष्य दुनिया की सबसे छोटी राम सेतु प्रतिकृति बनाना है।
श्रवण यंत्र पाकर भावुक हुए रमन निर्मलकर
रायपुर के ब्राह्मणपारा निवासी रमन निर्मलकर ने जनदर्शन में बताया कि उनकी सुनने की क्षमता समाप्त हो चुकी है और वे आर्थिक तंगी के कारण श्रवण यंत्र नहीं खरीद पा रहे थे। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने तत्काल उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता से भावुक रमन निर्मलकर ने कहा, “अब मैं फिर से दुनिया की आवाज़ें सुन पा रहा हूं, यह मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं।”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह जनदर्शन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान करने की एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है। इस कार्यक्रम ने एक बार फिर यह साबित किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है —“हर नागरिक तक संवेदनशील शासन और त्वरित राहत पहुंचाना।”








Views Today : 245
Total views : 102134