
सी.जी.प्रतिमान न्यूज़ :
दुर्ग / छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शनिवार 6 दिसंबर को दुर्ग जिले के ग्राम भटगांव, जेवरा-सिरसा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित सीताराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय श्री शर्मा के संपर्क में रहे वरिष्ठजनों तथा प्रतिमा निर्माता मूर्तिकार अंकुश देवांगन एवं डीएस विद्यार्थी को शाल और श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।

अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पंडित सीताराम शर्मा न केवल स्वतंत्रता संग्राम के समर्पित सेनानी थे, बल्कि समाजसेवी, आध्यात्मिक पुरुष, कथावाचक, ज्योतिषाचार्य और सेवाभावी व्यक्तित्व के रूप में भी सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रायपुर के भनपुरी स्कूल में अध्ययन काल के दौरान स्वर्गीय श्री शर्मा ने स्वतंत्रता रैलियों में तिरंगा लेकर अग्रिम पंक्ति में खड़े होते थे।

मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्वर्गीय श्री शर्मा के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि वे गीता पाठ, ज्योतिष ज्ञान और कर्मकाण्ड में निपुण थे और गांव में संस्कार शिक्षा का प्रसार करना चाहते थे। उन्होंने बताया कि संस्कृत विद्या मण्डलम् की बैठक में एक वर्ष के भीतर 100 कर्मकाण्डी पंडित तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शुद्ध उच्चारण और संपूर्ण 16 संस्कारों की परंपरा को संरक्षित किया जा सके। इस अवसर पर मंत्री श्री यादव ने शासकीय हाई स्कुल जेवरा सिरसा का नामकरण स्वर्गीय पंडित सीताराम शर्मा के नाम पर करने की घोषणा भी की।
इसके लिए उन्होंने जनपद पंचायत दुर्ग सीईओ को ग्राम पंचायत से अनुमोदन लेकर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। समारोह में महेश शर्मा, सुरेन्द्र कौशिक, घनश्याम साहू, डाँ. कमलेश निषाद सहित स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय पं. सीता राम शर्मा के पुत्र रामस्वरूप शर्मा तथा परिवार के सदस्य गण एवं क्षेत्र के नागरिक विशेष रुप से उपस्थित रहे.








Views Today : 1
Total views : 102135