Thursday, April 30, 2026
28.1 C
Delhi
Thursday, April 30, 2026
spot_img
Homeस्वास्थ्यनगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में पिछले करीब...

नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में पिछले करीब 15 दिनों से पीलिया (जॉन्डिस) का गंभीर प्रकोप..

उतई 7 जनवरी / नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 में पिछले करीब 15 दिनों से पीलिया (जॉन्डिस) का गंभीर प्रकोप फैल गया है। गंदा व दूषित पानी पीने के कारण मोहल्ले के अनेक परिवार इसकी चपेट में आ गए हैं। निरीक्षण के दौरान लगभग 20 से अधिक मरीजों के घरों का जायजा लिया गया, जिसमें सामने आया कि नालियों में भरे गंदे पानी के कारण घरों में आने वाले पीने के पानी में बदबू और गंदगी अचानक शुरू हो गई। प्रारंभ में कुछ परिवारों को लगा कि उनके घर की पानी की लाइन खराब होने से बीमारी फैली है, लेकिन धीरे-धीरे पूरे मोहल्ले में पीलिया के मरीज सामने आने लगे। इससे स्पष्ट हो गया कि समस्या सामूहिक है और दूषित पेयजल ही बीमारी का मुख्य कारण है।

वार्ड पार्षद द्वारा कई बार नगर पंचायत को अवगत कराने के बावजूद नालियों में ब्लीचिंग पाउडर तक का छिड़काव नहीं किया गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे पानी को गर्म कर या उबालकर ही पिएं। नगर पंचायत के सीएमओ से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि कार्रवाई जारी है, लेकिन मौके पर स्थिति में कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। वर्तमान सरकार और नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा सत्ता में आने के समय 6 महीने में पेयजल व्यवस्था सुधारने का दावा किया गया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीतने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा है।

कांग्रेस पार्टी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत से मांग की है कि तत्काल साफ पेयजल की व्यवस्था की जाए और स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर विशेष डॉक्टरों की टीम की निगरानी में सभी पीड़ितों का इलाज कराया जाए, ताकि पीलिया का प्रकोप और अधिक न फैले तथा अन्य वार्डों तक न पहुंचे। चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर प्रशासन एवं अस्पताल प्रबंधन की होगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद डिकेंद्र हिरवानी, पूर्व पार्षद द्वारिका साहू, प्रहलाद वर्मा, तोषण साहू, वीरेंद्र गोस्वामी सहित कांग्रेस पार्टी के साथी भावेश साहू, टीकम डोडे, योगेश माडले, धनंजय नेताम, रोशन साहू, गुलशन शर्मा, प्रेम नारायण साहू आदि उपस्थित रहे।

पीलिया से प्रभावित परिवारों में गरिमा यादव, यक्षित यादव, कुमकुम वर्मा, खेम प्रकाश वर्मा, नैतिक यादव, देवेंद्र सिंह, ओम प्रकाश सिंह, धनंजय सिन्हा, मनीष साहू, फाल्गुनी साहू, श्रीवास चंद्राकर, सुकून हेजल, पिलेश्वरी सहित अन्य लोग इस बीमारी से जूझ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular