
दुर्ग / राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ या आरएसएस कोई संगठन, संस्था या एनजीओ नहीं सामाजिक परिवर्तन का महाआंदोलन है, देश प्रथम का भाव जगाना ही संघ का लक्ष्य है | यह बातें संघ के अखिल भारतीय सह बौद्धिक प्रमुख दीपक विस्पुते ने कही | 5 मार्च गुरुवार को श्री विस्पुते भिलाई के सेक्टर 4 स्थित एस एन जी स्कूल के सभागार में प्रमुखजन गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे |

उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष को केवल एक पड़ाव मानते हुए समाज के और भीतर जाकर काम करने की बात कही | उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक हेडगेवार जी ने भारत के महान बलिदानियों के कार्यों को आगे बढ़ाने और राष्ट्रसेवा के लिए संघ कार्य प्रारंभ किया था | इस यात्रा में संघ पहले अप्रसंगिक था फिर प्रासंगिक हुआ अब प्रभावी और अपनी विजय यात्रा की ओर है | श्री विस्पुते ने व्यक्ति और समाज निर्माण को ही संघ का लक्ष्य कहा । उन्होंने संघ की शाखाओं के कार्य करने के तरीकों को बताते हुए कहा कि बहुतों ने घर छोड़ा और लाखों गृहस्थ प्राथमिकता से संघ कार्य में लगे हैं |


अपने उद्बोधन में सभागार में उपस्थित प्रमुखजनों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि समाज बदलने से देश बदलेगा कोई चोला, कोई झोला , कोई अवतार पार्टी या दल बदलने से नहीं | उन्होंने कुछ उदाहरणों के माध्यम से बताया कि संघ सर्व समावेशी है किसी के लिए भी अस्पृश्य नहीं , दूर नहीं और जो भी संघ के समीप गया, संघ को समझा वो संघ का हो गया | श्री विस्पुते ने समझाया कि अमेरिका विश्व को बाजार की तरह और चीन विस्तार की तरह देखता है केवल भारत ही विश्व परिवार की भावना रखता है | उन्होंने कहा कि संघ से जुड़कर काम करने वाले संघटन बड़े स्वरुप में काम करने लगे हैँ लेकिन संघ किसी भी नंबर गेम में नहीं है | उन्होंने आज के समय में बच्चों के माता पिता और परिवार के प्रति व्यवहार और पर्यावरण पर भी संघ की चिंता जाहिर की और संघ के पंचपरिवर्तन की आवश्यकता से प्रमुखजनों को अवगत कराया l

कार्यक्रम के दौरान मंच पर संघ के विभाग संघचालक कमलेश निषाद, जिला संघचालक गंगाधर जाधव उपस्थित थे | कार्यक्रम की रुपरेखा के बारे में विभाग सहकार्यवाह दिलेश्वर उमरे ने जानकारी दी, मंच संचालन जिला कार्यवाह सुनील पटेल और आभार प्रदर्शन जिला सहकार्यवाह दुष्यंत ने किया | इस गोष्ठी में बड़ी संख्या महिला पुरुष प्रमुखजन उपस्थित रहेl








Views Today : 312
Total views : 102446