
जामुल / पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार 22 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम खेरधा निवासी मीना धृतलहरे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पुत्र पुनित धृतलहरे शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से मना करने पर वह आक्रोशित हो गया और घर में आग लगाने की धमकी देते हुए सिगड़ी में कपड़ा जलाकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग पूरे घर में फैल गई, जिससे घर में रखे सामान जलकर खाक हो गए। इस घटना में करीब 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी पुनित धृतलहरे (30 वर्ष) के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 326 (छ)
बीएनएस में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में थाना जामुल प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सउनि अजय सिंह, आरक्षक तोषण चंद्राकर, महात्मा साहू , अतुल सिंह, पी संतोष एवं चंदन सिंह की सराहनीय भूमिका रही l
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति में कानून को अपने हाथ में ना लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें, आगजनी जैसी घटनाएं गंभीर अपराध है जिस पर सख्त कार्रवाई की जाती है I








Views Today : 3
Total views : 102137