Thursday, April 30, 2026
28.1 C
Delhi
Thursday, April 30, 2026
spot_img
HomeBlogबागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से भिलाई...

बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से भिलाई जयंती स्टेडियम समीप मैदान में आयोजित श्री हनुमंत कथा के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं की उमडी अपार भीड़ ।

भिलाई 25 दिसंबर / सनातन धर्म के ध्वजवाहक, बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से जयंती स्टेडियम समीप मैदान में आयोजित श्री हनुमंत कथा के प्रथम दिवस पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जीवन, भक्ति, गुरु और मानव मूल्यों पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि भिलाई की पावन धरा वेदव्यास की भूमि है, इस्पात की भूमि है, जो पूरे विश्व में विख्यात है। यह वह धरती है जहां से सर्वाधिक आईआईटियन निकलते हैं। सेक्टर-9 के श्री हनुमान जी महाराज की अद्भुत महिमा है। यह शक्ति की भूमि है, भक्ति की भूमि है। इस अवसर पर उन्होंने श्री हनुमान चालीसा का भावार्थ विस्तारपूर्वक हनुमंत भक्तों को श्रवण कराया। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी ने छत्तीसगढ़ की पावन भूमि का स्मरण करते हुए कहा कि यहीं से महान संत पूज्य गुरु घासीदास बाबा ने ‘मनखे-मनखे एक समान’ का नारा देकर समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। दिसंबर माह में उनकी जयंती पूरे प्रदेश में श्रद्धा से मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा सभी पढ़ते और गाते हैं, लेकिन उसके अर्थ को समझना अत्यंत आवश्यक है। जब भाव समझ में आता है, तभी भक्ति सार्थक होती है। कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खूबियां और खामियां हर व्यक्ति में होती हैं, लेकिन मनुष्य अक्सर दूसरों में खामियां और अपने भीतर खूबियां ढूंढता है। जिस दिन इंसान अपने भीतर की खामियों को पहचानकर दूसरों की खूबियों को देखने लगेगा, उसी दिन उसका जीवन सार्थक हो जाएगा। भिलाई के युवाओं, छात्रों और छात्राओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली आपदाओं से घबराएं नहीं, बल्कि उन्हें अवसर में बदलें। संकट और विपत्तियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं और सफलता के मार्ग पर अग्रसर करती हैं। उन्होंने गुरु की महत्ता बताते हुए कहा कि सच्चा गुरु वही होता है जो हमें अंधकार से निकालकर प्रकाश की ओर ले जाए। जीवन में परिवर्तन गुरु के माध्यम से ही संभव है, इसलिए ऐसे गुरु का चयन करें जो आपको सत्मार्ग की ओर ले जाए। आज की कथा में मुख्य रूप से कथा आयोजक राकेश पांडेय, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, विधायक डोमन कोर्सेवाडा, पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, पूर्व विधायक सावलाराम डहरे, दयाराम साहू, लाभचंद बाफना तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular