क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन आवंटन, 11.98 करोड़ की सहायता स्वीकृत
रायपुर, 29 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में आज कई अहम फैसले लिए गए। कैबिनेट ने जहां प्रदेश में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई शहरी गैस वितरण नीति 2026 को मंजूरी दी, वहीं खेल अधोसंरचना, सामाजिक सहायता और प्रशासनिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए l
बैठक में ‘‘छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति 2026’’ को स्वीकृति दी गई, जिसके तहत राज्य के शहरी क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिए प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इस नीति के लागू होने से आम उपभोक्ताओं को एलपीजी की तुलना में सस्ता और सुविधाजनक ईंधन विकल्प मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार के साथ निवेश व रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कैबिनेट ने खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन को आधुनिक क्रिकेट अकादमी और खेल मैदान के निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि रियायती दर पर आवंटित करने का निर्णय लिया। यह भूमि सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा के अंतर्गत दर्ज है। इस फैसले से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।