सीजी प्रतिमान न्यूज़ : पन्ना लाल यादव

रायपुर 30 नवंबर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 128वें एपिसोड का प्रसारण देशभर में हुआ। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में इस एपिसोड को सुनने के लिए बड़ा आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रमन सिंह बोले मोदी ने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई:
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज देशभर में किसानों में सबसे ज्यादा खुशहाली छत्तीसगढ़ के किसानों में देखी जाती है। रमन सिंह ने यह भी कहा कि “बिहार चुनाव में छत्तीसगढ़ के नेताओं की मेहनत फलदायी रही है। आज प्रधानमंत्री की मन की बात को सुनने लोग खड़े रहे, यह हमारे लिए उपलब्धि है।”
नवाचार से मिलती प्रेरणा: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 128वां एपिसोड सुनने के लिए लोगों का एक साथ जुटना अपने आप में बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि “नवाचार हर व्यक्ति को प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सकारात्मक सोच को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है।”उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही कहा कि नवंबर का महीना छत्तीसगढ़ के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है।

कानून-व्यवस्था और डीजीपी कॉन्फ्रेंस पर भी हुई चर्चा:
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में रायपुर में डीजीपी कॉन्फ्रेंस लगातार तीन दिनों से चल रही है, जिसमें देशभर के सुरक्षा प्रमुख शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पूरे देश की कानून व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हो रही है। विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सभी नागरिकों की अहम भूमिका होगी।”
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कई मंत्री रहे शामिल:
इस मौके पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, विधायक अनुज शर्मा, सांसद सुनील सोनी, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, महापौर मीनल चौबे और अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आम नागरिकों और बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।








Views Today : 156
Total views : 102045