Thursday, April 30, 2026
28.1 C
Delhi
Thursday, April 30, 2026
spot_img
HomeBlogधर्म नगरी जामुल होगी श्रीराम मय : 28 दिसंबर को ऐतिहासिक...

धर्म नगरी जामुल होगी श्रीराम मय : 28 दिसंबर को ऐतिहासिक कलश यात्रा व 29 दिसंबर से अयोध्या के जगद्गुरु राघवाचार्य महाराज की होगी दिव्य श्रीराम कथा ….. ईश्वर उपाध्याय l


सी.जी. प्रतिमान न्यूज़ 20 दिसंबर : जामुल / श्री प्यारेलाल संस्कार मंच द्वारा छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी जामुल में सनातन चेतना के एक विराट अध्याय को साकार करने जा रही है। शिवपुरी स्टेडियम, जामुल में 28 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य–दिव्य श्रीराम कथा महोत्सव की समस्त तैयारियाँ अब निर्णायक पूर्णता के चरण में पहुँच चुकी हैं।

श्री प्यारेलाल संस्कार मंच जामुल के संयोजक ईश्वर उपाध्याय ने जानकारी दी की इस श्रीराम कथा के आयोजन के लिए विशाल पंडाल, सुव्यवस्थित प्रशासनिक प्रबंध, अनुशासित आयोजन संरचना और जन-जन की सक्रिय सहभागिता प्रदेश में अब तक के सबसे ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजनों की श्रेणी को स्थापित करने जा रही है।

इस नौ दिवसीय महोत्सव के कथा व्यास अयोध्या से पधारने वाले सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रख्यात विद्वान, परम पूज्य श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री स्वामी डॉ. राघवाचार्य जी महाराज, श्रीधाम पीठाधीश्वर, श्रीराम लला सेवा सदन, रामकोट अयोध्या के श्रीमुख से होंगे। उनके सान्निध्य में श्रीराम कथा का वाचन न केवल श्रद्धा का संचार करेगा, बल्कि सनातन मूल्यों, मर्यादा और सामाजिक समरसता का जीवंत संदेश भी जनमानस तक पहुँचाएगें। कथा काल में देश के विभिन्न प्रांतों से संत, महंत, धर्माचार्य एवं विद्वत समाज की उपस्थिति आयोजन की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करेगी।आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए दो लाख वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल में निर्मित विराट पंडाल लगभग पूर्ण हो चुका है। बैठने की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा एवं स्वच्छता के उच्च मानक इस आयोजन को एक अनुकरणीय उदाहरण बना रहे हैं।

आयोजन का शुभारंभ 28 दिसंबर को 11,111 ( ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह) मातृशक्तियों द्वारा निकाली जाने वाली भव्य एवं ऐतिहासिक कलश यात्रा से होगा। यह यात्रा प्रातः 11 बजे शिवपुरी स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर संपन्न होगी, जो जामुल क्षेत्र को पूर्णतः श्रीराम मय बना देगी। 29 दिसंबर से 06 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से श्रीराम कथा का भावपूर्ण, ओजस्वी और संस्कारपूर्ण वाचन होगा। आयोजन को और अधिक अलौकिक तथा स्मरणीय स्वरूप प्रदान करने हेतु हेलीकॉप्टर सेवा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। आयोजन समिति ने बताया कि हेलीकॉप्टर कम्पनी से अनुबंध की प्रक्रिया प्रगति पर है तथा एविएशन डिपार्टमेंट से आवश्यक अनुमति की प्रतीक्षा की जा रही है। अनुमति प्राप्त होते ही हेलीकॉप्टर सेवा को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आकाशीय पुष्पवर्षा एवं दिव्य दृश्य का दुर्लभ अनुभव प्राप्त होगा।

आयोजन समिति जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत अब तक इस श्रीराम कथा में सहभागी होने के लिए एक लाख से अधिक घरों, दुकानों एवं कार्यालयों में आमंत्रण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही जामुल के आसपास क्षेत्र के लगभग 21 ग्रामों में ध्वज स्थापना कर ग्रामीण अंचल को भी इस महायज्ञ से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया गया है। श्रद्धालुओं के आकर्षण एवं पारिवारिक सहभागिता हेतु आयोजन स्थल पर सनातन उत्सव मेला भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें 25 विशाल झूले एवं सैकड़ों सांस्कृतिक व धार्मिक दुकानों की व्यवस्था की गई है।

आयोजन समिति श्री प्यारेलाल राधे कृष्ण संस्कार मंच जामुल के संरक्षक जहीर खान ने कहा कि जामुल में होने वाले यह भव्य–दिव्य श्रीराम कथा महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता का महापर्व सिद्ध होगा, जो दुर्ग जिले के लिए ही नहीं पूरे प्रदेश, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर सनातन चेतना के एक प्रमुख केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित करेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular